JMB आतंकी साजिश मामले में NIA ने 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की

0
2

नई दिल्ली राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB) से जुड़े आतंकी साजिश मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ गुवाहाटी स्थित विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (UAPA) के तहत गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि आरोपी इमाम महमुदेर काफिला (IMK) नामक संगठन से जुड़े थे, जिसे JMB का एक सहयोगी संगठन माना जा रहा है। एजेंसी के अनुसार, संगठन का उद्देश्य पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा में आतंकी नेटवर्क और कट्टरपंथी विचारधारा का विस्तार करना था।

NIA के मुताबिक, आरोपियों ने युवाओं का कथित ब्रेनवॉश करने, उग्रवादी विचारधारा फैलाने और संगठन का नेटवर्क मजबूत करने का काम किया। जांच में यह भी पता चला कि IMK का गठन JMB के वरिष्ठ सदस्य इमाम महमूद हबीबुल्लाह ने किया था।

एजेंसी ने बताया कि आरोपी गुप्त बैठकों, धार्मिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों, उग्रवादी साहित्य के वितरण और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भारत विरोधी प्रचार गतिविधियों में शामिल थे। मामले में दो प्रमुख आरोपियों की पहचान नसीमुद्दीन और जगीर मिया के रूप में हुई है, जो क्रमशः असम और त्रिपुरा में संगठन की गतिविधियों का संचालन कर रहे थे।

जांच के दौरान NIA ने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड भी जब्त किए हैं, जिन्हें अदालत में साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here