मानसून सत्र के बीच 21 जुलाई को NDA की ‘मंगल मिलन’ बैठक, संसद की रणनीति पर होगा मंथन

0
13

नई दिल्ली संसद के मानसून सत्र के बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 21 जुलाई को अपने संसदीय दल की बैठक बुलाई है। ‘मंगल मिलन’ नाम से आयोजित इस बैठक में लोकसभा और राज्यसभा के सभी एनडीए सांसद शामिल होंगे। सरकार के आगामी विधायी एजेंडे और संसद की रणनीति को लेकर यह बैठक अहम मानी जा रही है।

संसद पुस्तकालय भवन में होगी बैठक

एनडीए की बैठक 21 जुलाई सुबह 9:30 बजे संसद पुस्तकालय भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित होगी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू के अनुसार, 13 अगस्त तक चलने वाले मानसून सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा और पारित कराने की तैयारी है।

विपक्ष के हमलों का जवाब तैयार करेगी सरकार

इस सत्र में विपक्ष NEET-UG पेपर लीक, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुई मौतों पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की टिप्पणी समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस ने रक्षा मंत्री की टिप्पणी को लेकर विशेषाधिकार हनन का नोटिस भी दिया है।

संविधान संशोधन विधेयक पर भी रहेगी नजर

संसद में प्रस्तावित 130वें संविधान संशोधन विधेयक को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज है। इस विधेयक की समीक्षा कर रही संयुक्त संसदीय समिति (JPC) अपनी रिपोर्ट संसद में पेश कर सकती है। प्रस्तावित संशोधन में यह प्रावधान शामिल है कि यदि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या कोई मंत्री किसी गंभीर आपराधिक मामले में लगातार 30 दिन तक न्यायिक हिरासत में रहता है, तो उसे पद छोड़ना होगा।

बैठक को माना जा रहा है अहम

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मानसून सत्र के दौरान संभावित टकराव और महत्वपूर्ण विधेयकों को देखते हुए एनडीए की यह बैठक सरकार की संसदीय रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here