
गंज थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, बाइक और नकदी समेत करीब 50 हजार का सामान जब्त
रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बिक्री करने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 91 बोतल देशी शराब, नकदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के चूना भट्ठी स्थित मंदिर के पास एक व्यक्ति बाइक पर अवैध शराब लेकर बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
बैग से मिली 91 बोतल शराब
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रूपेश पटेल के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से 86 पौवा और 5 अध्धी देशी शराब बरामद हुई। शराब रखने और बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
बाइक और नकदी भी जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध शराब के अलावा बिक्री की नकदी और होंडा मोटरसाइकिल (CG 04 QT 1186) भी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



















