रेत विवाद में तिहरे हत्याकांड के बाद कोरिया में धारा 163 लागू

0
118

कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर हुए तिहरे हत्याकांड के बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। बीजेपी नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की हत्या के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बैकुंठपुर के संवेदनशील क्षेत्रों में धारा 163 बीएनएसएस लागू कर दी है।

जिंदा जलाकर हत्या का आरोप

घटना 16 जून की रात सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रेत कारोबार को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि हमलावरों ने भरत सिंह की फॉर्च्यूनर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दो घायलों ने अस्पताल में तोड़ा दम

हमले में घायल नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

प्रशासन की सख्ती

कलेक्टर के आदेश के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में बिना अनुमति जुलूस, धरना, प्रदर्शन और आमसभा पर रोक लगा दी गई है। हथियार लेकर घूमने, भड़काऊ नारेबाजी और पोस्टर वितरण जैसी गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

रेत कारोबार को लेकर पुरानी रंजिश

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध रेत खनन और वसूली को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। हाल ही में एक रेत घाट का सरकारी ठेका मिलने के बाद तनाव और बढ़ गया था, जो अब खूनी संघर्ष में बदल गया।

भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने हत्या, आगजनी समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here