
रायपुर भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए नई डिजिटल सेवा शुरू की है। अब ट्रेन टिकट बुकिंग के साथ ही अतिरिक्त लगेज (Extra Luggage) की भी ऑनलाइन बुकिंग की जा सकेगी। रेलवे बोर्ड की यह नई व्यवस्था 31 जुलाई 2026 से लागू हो गई है।
नई सुविधा के तहत यात्रियों को अतिरिक्त सामान बुक कराने के लिए अब पार्सल काउंटर के चक्कर नहीं लगाने होंगे। यात्री IRCTC या रेलवे के पार्सल पोर्टल के माध्यम से अतिरिक्त सामान का विवरण दर्ज कर ऑनलाइन शुल्क का भुगतान कर सकेंगे।
इन यात्रियों को मिलेगी सुविधा
यह सुविधा केवल कन्फर्म आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। फिलहाल इसका लाभ एसी फर्स्ट क्लास, एसी 2-टियर, फर्स्ट क्लास, स्लीपर क्लास और सेकेंड क्लास के यात्रियों को मिलेगा।
जानिए मुफ्त और अधिकतम लगेज सीमा
- एसी फर्स्ट क्लास: 70 किलोग्राम मुफ्त, अधिकतम 150 किलोग्राम
- एसी 2-टियर/फर्स्ट क्लास: 50 किलोग्राम मुफ्त, अधिकतम 100 किलोग्राम
- स्लीपर क्लास: 40 किलोग्राम मुफ्त, अधिकतम 80 किलोग्राम
- सेकेंड क्लास: 35 किलोग्राम मुफ्त, अधिकतम 70 किलोग्राम
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि एसी 3-टियर, एसी 3 इकोनॉमी और एसी चेयर कार के यात्रियों को यह सुविधा नहीं मिलेगी, क्योंकि इन श्रेणियों में मुफ्त और अधिकतम सामान की सीमा समान निर्धारित है।
बैग के आकार की भी सीमा तय
- एसी 3-टियर, एसी 3 इकोनॉमी और एसी चेयर कार: 55×45×22.5 सेंटीमीटर
- एसी फर्स्ट, एसी 2-टियर, स्लीपर और सेकेंड क्लास: 100×60×25 सेंटीमीटर
यात्री टिकट बुकिंग के समय या बाद में भी पोर्टल पर अतिरिक्त वजन दर्ज कर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। अतिरिक्त लगेज बुकिंग का न्यूनतम शुल्क 30 रुपये रखा गया है।
रेलवे ने चेतावनी दी है कि बिना बुकिंग अतिरिक्त सामान के साथ यात्रा करते पकड़े जाने पर सामान्य दर से छह गुना तक जुर्माना लगाया जा सकता है। नई व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल सेवा उपलब्ध कराना है।



















