
बलौदाबाजार छत्तीसगढ़ में शराब कारोबार से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच के बीच EOW (आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा) और ACB (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह बलौदाबाजार में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने शहर के कान्हा विहार स्थित शराब कारोबारी अहिंदर के ठिकाने पर छापा मारकर जांच शुरू की।
दस्तावेज और लेन-देन खंगाले जा रहे
सूत्रों के अनुसार अधिकारी सुबह से ही परिसर में मौजूद हैं और शराब कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन, रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। कारोबार में उपयोग किए जाने वाले वाहनों के दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।
कई अहम दस्तावेज जब्त
जांच एजेंसियां विशेष रूप से शराब की खरीद-बिक्री, परिवहन व्यवस्था और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े पहलुओं पर फोकस कर रही हैं। बताया जा रहा है कि टीम ने कई अहम दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं और संबंधित लोगों से पूछताछ भी जारी है।
पूरे प्रदेश में जारी है जांच
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में शराब कारोबार और उससे जुड़ी शिकायतों की जांच EOW-ACB द्वारा लगातार की जा रही है। इसी कड़ी में बलौदाबाजार में यह कार्रवाई की गई है।
फिलहाल जांच जारी है। अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही संभावित अनियमितताओं का खुलासा हो सकेगा।


















