
रायपुर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को गुमशुदा बालक की तलाश में बड़ी सफलता मिली है। थाना खम्हारडीह पुलिस ने लगभग 6 वर्ष पहले लापता हुए बालक को बेंगलुरु से सकुशल दस्तयाब कर उसकी मां को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया कुंती सोना ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका 6 वर्षीय पुत्र दीपक सोना अचानक लापता हो गया है। मामले में पहले गुम इंसान कायम किया गया और बाद में धारा 363 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी मानसी साकोरे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने बालक के परिजनों से विस्तृत पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पता चला कि बालक बेंगलुरु, कर्नाटक में हो सकता है। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल बेंगलुरु रवाना हुई।
काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने गुम बालक दीपक सोना, जो अब 12 वर्ष का हो चुका है, को सकुशल बरामद कर लिया। 17 मई 2026 को उसे उसकी मां कुंती सोना के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रमुख बातें
- 6 वर्ष पहले गुम हुआ था बालक
- रायपुर पुलिस ने बेंगलुरु से किया दस्तयाब
- तकनीकी साक्ष्यों और जांच से मिली सफलता
- बालक को सकुशल मां के सुपुर्द किया गया
इस सफलता के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं रायपुर पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना की जा रही है।



















