
बिलासपुर की एक भाजपा नेत्री ने झारखंड के रांची निवासी कारोबारी पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, उनकी मुलाकात करीब दो वर्ष पहले दिल्ली में कारोबारी संजय सिंह से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को बड़ा व्यवसायी बताते हुए माइनिंग कारोबार में निवेश पर अधिक मुनाफे का भरोसा दिलाया। इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा।
भरोसे का फायदा उठाकर दुष्कर्म का आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने विश्वास का फायदा उठाते हुए दिल्ली में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार ब्लैकमेल कर पैसों की मांग करता रहा।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये लिए। यह रकम आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से दी गई। आरोपी निवेश के नाम पर लगातार नकद राशि मांगता रहा और बाद में पैसे लौटाने के बजाय धमकियां देने लगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
मानसिक रूप से परेशान होने के बाद भाजपा नेत्री ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी संजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब बैंक लेनदेन, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



















