
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा “सूखे नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना टिकरापारा पुलिस ने राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को 8.122 किलोग्राम गांजे के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 21 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित शुलभ शौचालय के पास दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी में मिला गांजा
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से अलग-अलग मात्रा में कुल 8.122 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की।
राजस्थान के रहने वाले हैं आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम:
- दिलशेर खान (39 वर्ष)
- कसीम अली (27 वर्ष)
बताए। दोनों राजस्थान के टोंक जिले के निवासी हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना टिकरापारा में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 442/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
रायपुर पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



















