
करीब 28 करोड़ रुपये के नए कार्य स्वीकृत, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिए कई अहम निर्देश
एमसीबी जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) की बैठक में जिले के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। स्वास्थ्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की मौजूदगी में आयोजित बैठक में 27.97 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई।
डीएमएफ फंड से विकास कार्यों की समीक्षा
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2023-24 से 2026-27 के बीच डीएमएफ मद से जिले को 81.89 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। इनमें से 69.50 करोड़ रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। इस अवधि में स्वीकृत 425 परियोजनाओं में से 189 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 236 कार्य प्रगति पर हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी मजबूती
बैठक में 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल, टीकाकरण स्टोर, मेडिकल उपकरण, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, मेडिकल कॉलेज छात्रावास मरम्मत और पोस्टमार्टम कक्ष निर्माण जैसे कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
मंत्री ने केल्हारी में पोस्टमार्टम कक्ष निर्माण के लिए अतिरिक्त 10 लाख रुपये स्वीकृत करने के निर्देश भी दिए।
पेयजल और रोशनी व्यवस्था पर फोकस
नगर निकायों में फिल्टर प्लांट उन्नयन, जलापूर्ति व्यवस्था, एलईडी एवं सोलर लाइट, फ्लड लाइट और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को मंजूरी मिली। साथ ही पेयजल गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महिला समूहों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा
स्व-सहायता समूहों के लिए पैकेजिंग यूनिट, मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट, मोरिंगा प्रोसेसिंग यूनिट, ऑयल सीड प्रोसेसिंग, सेनेटरी पैड निर्माण इकाइयों और पर्यटन विकास से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।
खेल और शिक्षा क्षेत्र को भी लाभ
मिनी स्टेडियम, खेलो इंडिया केंद्र, क्रीड़ा परिसरों के विकास, नए आंगनबाड़ी भवन, स्कूल मरम्मत, अतिरिक्त कक्ष निर्माण और छात्रावास सुविधाओं के लिए भी राशि मंजूर की गई।
जल संरक्षण और हरियाली पर जोर
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने सभी बोरवेल और नलकूपों के पास वाटर रिचार्ज संरचनाएं विकसित करने तथा स्कूल परिसरों में व्यापक वृक्षारोपण के निर्देश दिए।

















