उरला में कंपनी से लाखों की चोरी का खुलासा, 1 आरोपी समेत 4 नाबालिग गिरफ्तार

0
119

रायपुर थाना उरला क्षेत्र में स्थित श्री धनीराम बायो एनर्जी कंपनी में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी और विधि के साथ संघर्षरत 4 बालकों सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का पूरा सामान भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, कंपनी के सुपरवाइजर गोपाल मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 जून 2026 की सुबह कंपनी पहुंचने पर वहां रखी 16 लाइटें, 100 फीट केबल, वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, ब्लोअर, ड्रिल मशीन, वायर के बंडल और अन्य उपकरण गायब मिले। अज्ञात आरोपियों ने कंपनी में घुसकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी स्टाफ से पूछताछ की, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने संदीप निषाद उर्फ गोलू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने चार नाबालिग साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 3.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here