
गरियाबंद
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि मनरेगा के तहत हजारों कार्य प्रगतिरत हैं और बड़ी संख्या में परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
सांसद ने विशेष रूप से कृषि विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को खाद और बीज की किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उर्वरकों के भंडारण और वितरण पर प्रशासन को सतर्क निगरानी रखने तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा स्कूलों की मरम्मत, साफ-सफाई, डिजिटल कक्षाओं के नियमित संचालन, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति में सुधार और जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक पेयजल पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याओं और शिकायतों से भी अवगत कराया।
















