
रायपुर डी.डी. नगर थाना पुलिस ने पुराने विवाद को लेकर मारपीट और जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लोहे का चाकू भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शाम के समय अपने भाई के साथ पेट्रोल भराने जा रहा था। इसी दौरान श्रीराम अस्पताल के पीछे डंगनिया क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट हुई तथा एक आरोपी ने प्रार्थी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की शिकायत पर थाना डी.डी. नगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने पीड़ित और गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सावन यादव उर्फ मुन्ना यादव (19 वर्ष) और राज यादव उर्फ अमन यादव (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

















