
छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में मानसून प्रदेश के शेष हिस्सों तक पहुंच सकता है। विभाग ने आगामी सात दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने और कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना जताई है।
रविवार के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से नहीं रुकने की सलाह दी है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मुंगेली में 5 सेंटीमीटर और दरभा में 4 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि अन्य जिलों में भी बारिश हुई।
राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मानसूनी गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।



















