नकटी गांव विवाद में केस दर्ज, अतिक्रमण हटाने के दौरान हंगामे पर कार्रवाई

0
215

रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर बलवा समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, विधायक कॉलोनी निर्माण परियोजना के लिए प्रशासन ने नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया।

पुलिस के मुताबिक, विरोध के दौरान कुछ लोगों ने प्रशासनिक कार्य में बाधा डाली, बुलडोजर में तोड़फोड़ की और मौके पर मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। घटना के बाद माना थाना में धारा 115(2), 121, 191(1) और 191(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अब वीडियो फुटेज, फोटो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पहचान होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि परियोजना के तहत प्रशासन ने करीब 80 मकान हटाए, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास योजना के तहत बने लगभग 32 मकान भी शामिल बताए जा रहे हैं।

स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। कार्रवाई के बाद प्रभावित ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि संयुक्त परिवार होने के बावजूद पुनर्वास नीति में प्रत्येक परिवार को केवल एक आवास दिए जाने से वे असंतुष्ट हैं।

वहीं प्रशासन का कहना है कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पात्र परिवारों को नया रायपुर सेक्टर-30 स्थित EWS आवासों में स्थानांतरित किया जा रहा है। फिलहाल क्षेत्र की स्थिति पर प्रशासन और पुलिस लगातार नजर बनाए हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here