
रोहतास बिहार के रोहतास जिले में नर्सिंग छात्र अभिषेक कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या में अभिषेक के तीन दोस्त शामिल थे, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश और कार को लेकर विवाद के चलते आरोपियों ने साजिश रचकर अभिषेक की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे पूरा मामला सामने आ गया।
एसपी रौशन कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की। सासाराम एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


















