राज्यस्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में सरगुजा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

0
10

12 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों से कलेक्टर ने की मुलाकात, आधुनिक शूटिंग रेंज की मांग उठी

अंबिकापुर। 25वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर 12 पदक जीतने वाले सरगुजा के राज्य और राष्ट्रीय स्तर के शूटिंग खिलाड़ियों ने शनिवार को कलेक्टर अजीत वसंत से सौजन्य भेंट की। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों की जानकारी दी, जिस पर कलेक्टर ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

आधुनिक शूटिंग रेंज की रखी मांग

खिलाड़ियों ने जिले में शूटिंग खेल को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक शूटिंग रेंज स्थापित करने की मांग भी कलेक्टर के सामने रखी।

राइफल और पिस्टल स्पर्धा में जीते पदक

प्रतियोगिता में अदीब सिद्दीकी ने 50 मीटर राइफल प्रोन सीनियर पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। टीम स्पर्धा में भी सरगुजा की टीम ने स्वर्ण और कांस्य पदक अपने नाम किए। वहीं अलकान फिरदौसी ने यूथ वर्ग में स्वर्ण, जबकि अभिरथ सिंह देव ने रजत और अनफ राजा खान ने कांस्य पदक हासिल किया। पिस्टल स्पर्धा में कोच एवं शूटर सकील फिरदौसी ने दो रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।

राष्ट्रीय और ईस्ट जोन प्रतियोगिताओं के लिए चयन

राज्यस्तरीय प्रदर्शन के आधार पर अदीब सिद्दीकी, शाहजाद खान, अलकान फिरदौसी, शिबान फिरदौसी, सकील फिरदौसी, मिलिंद राज सिंह, आयुष सिंह, वकील फिरदौसी और विशेष श्रीवास्तव का चयन आगामी 10वीं ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप और जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। वहीं आसिफ अली और शकील फिरदौसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सरगुजा का प्रतिनिधित्व करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here