
रायपुर गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला रायपुर द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने वरिष्ठ और सेवानिवृत्त शिक्षकों, युवा अध्यापकों तथा मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री दिलाना नहीं, बल्कि बेहतर इंसान बनाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि माता-पिता जीवन के पहले शिक्षक होते हैं, जबकि विद्यालय बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण पाठशाला है। उन्होंने अपने गुरुजनों का सम्मान करते हुए कहा कि आज उन्हें उन शिक्षकों का सम्मान करने का अवसर मिला है, जिन्होंने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने ज्ञान और शिक्षा के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि विषयों की जानकारी देना ज्ञान है, जबकि संस्कार, शिष्टाचार, बड़ों का सम्मान और सही-गलत की पहचान कराना वास्तविक शिक्षा है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शक और विश्वासपात्र बनें, ताकि बच्चे अपनी समस्याएं भी उनसे साझा कर सकें।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सांसद ने धैर्य, अनुशासन और सादगी को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि दिखावे की होड़ छोड़कर पढ़ाई, संस्कार और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि सामान्य उच्च शिक्षा के लिए अनावश्यक रूप से दूसरे शहरों या विदेश जाने के बजाय स्थानीय संस्थानों पर भी भरोसा करना चाहिए। हालांकि, विशेष और उन्नत तकनीकी पाठ्यक्रमों के लिए बाहर जाने की आवश्यकता होने पर सरकार और बैंक भी सहयोग करते हैं।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक राजेश मूणत, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।


















