धमतरी को मिला दूसरा बॉक्स क्रिकेट मैदान, खिलाड़ियों को मिली आधुनिक खेल सुविधा

0
4

धमतरी शहर में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जालमपुर वार्ड में बने दूसरे बॉक्स क्रिकेट मैदान का उद्घाटन वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया। इससे पहले जिले का पहला बॉक्स क्रिकेट मैदान एकलव्य खेल परिसर में विकसित किया गया था।

उद्घाटन समारोह के दौरान ओ.पी. चौधरी ने स्वयं बल्ला थामकर बल्लेबाजी की, जबकि नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने गेंदबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। बाद में महापौर ने भी बल्लेबाजी का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा।

मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि किसी शहर की पहचान केवल सड़कों और भवनों से नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों से भी होती है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का विकास करते हैं।

उन्होंने कहा कि नया बॉक्स क्रिकेट मैदान स्थानीय खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, प्रतियोगिताओं की तैयारी और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा। इससे क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा और वे बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे।

ओ.पी. चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here