रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और कोरबा में चलेंगी ई-बसें

0
13

रायपुर छत्तीसगढ़ के चार प्रमुख शहरों में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और कोरबा में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत कुल 240 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना है। इससे शहरों में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के साथ यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

ई-बस सेवा की तैयारियों की समीक्षा

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के निदेशक भानु प्रताप सिंह भदौरिया के साथ अधिकारियों की बैठक लेकर योजना की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में ई-बसों के संचालन, रूट प्लानिंग, बस स्टॉप, डिपो, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

शहरों की जरूरत के हिसाब से तय होंगे रूट

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि चारों शहरों की यातायात व्यवस्था और यात्रियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए ई-बसों के रूट तैयार किए जाएं। इसके साथ ही बसों के सुचारु संचालन के लिए पर्याप्त डिपो और चार्जिंग सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

बसों की निगरानी और संचालन व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने के लिए कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम विकसित किया जाएगा। इससे बसों की आवाजाही और सेवा व्यवस्था पर बेहतर नजर रखने में मदद मिलेगी।

स्वच्छ और आधुनिक परिवहन को बढ़ावा

प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत स्वीकृत इन 240 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से चारों शहरों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इलेक्ट्रिक बसों के जरिए स्वच्छ, आधुनिक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here