
रायपुर । छत्तीसगढ़ के निजी विश्वविद्यालयों से जुड़ी जरूरी और अद्यतन जानकारी अब एक ही वेब पोर्टल पर उपलब्ध होगी। राज्यपाल रमेन डेका ने सोमवार को लोक भवन में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग द्वारा तैयार किए गए नए पोर्टल cgpurc.cgstate.gov.in का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष वी.के. गोयल सहित आयोग के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
नए पोर्टल के जरिए प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही जगह मिल सकेंगी। इसमें विश्वविद्यालयों में संचालित पाठ्यक्रम, अकादमिक कैलेंडर, प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की जानकारी, अंकसूची, डिग्री और पिछले वर्षों के परीक्षा परिणाम उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके अलावा पोर्टल पर विश्वविद्यालयों द्वारा निर्धारित शुल्क, अधिकारियों की जानकारी, विभिन्न समितियों और उनके सदस्यों का विवरण तथा पीएचडी शोध-निर्देशकों से संबंधित जानकारी भी देखी जा सकेगी।
पोर्टल में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020), NAAC प्रत्यायन, दूसरे विश्वविद्यालयों के साथ हुए एमओयू, स्किल डेवलपमेंट, इनोवेशन, स्टार्टअप, जॉब ओरिएंटेशन प्रोग्राम, कैंपस प्लेसमेंट और ई-लाइब्रेरी से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी।
इसके साथ ही शैक्षणिक स्वीकृतियों, विश्वविद्यालयों में स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों से संबंधित जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध होगी।
माना जा रहा है कि इस पहल से निजी विश्वविद्यालयों की गतिविधियों को लेकर पारदर्शिता बढ़ेगी और विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा अन्य हितधारकों को जरूरी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। साथ ही आयोग के लिए विश्वविद्यालयों की गतिविधियों की निगरानी और मूल्यांकन करना भी अधिक प्रभावी होगा।















