अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के लिए अब सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन

0
9

सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर द्विसाप्ताहिक सेवा की शुरुआत की


अम्बिकापुर । सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू हो गई है। अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन चलेगी। मंगलवार को अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से सांसद चिंतामणि महाराज ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर सांसद ने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मुलाकात की और उन्हें पुष्प भेंट कर सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से रवाना होगी ट्रेन

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के अनुसार, ट्रेन संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को सुबह 7:30 बजे अम्बिकापुर से रवाना होगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से चलेगी।

सेवा की आवृत्ति बढ़ने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा मिल गई है।

लंबे समय से की जा रही थी मांग

सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक दिन ट्रेन होने के कारण कई यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए पर्याप्त विकल्प नहीं मिल पाता था। अब अतिरिक्त फेरे से यात्रियों को राहत मिलेगी।

डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों की मांग को देखते हुए रेल मंत्रालय ने ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाकर सप्ताह में दो दिन करने का निर्णय लिया है। इससे अम्बिकापुर के साथ-साथ ट्रेन के मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा।

अम्बिकापुर स्टेशन पर बढ़ेंगी सुविधाएं

डीआरएम ने बताया कि अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन के विकास के लिए कई काम किए जा रहे हैं। नए प्लेटफॉर्म का निर्माण, रेलवे लाइनों का विस्तार और बड़े फुट ओवरब्रिज (FOB) का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा कोचिंग सुविधाओं में भी सुधार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में अम्बिकापुर से और ट्रेनों के संचालन की जरूरत को ध्यान में रखते हुए स्टेशन की अधोसंरचना और अन्य सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।

विद्यार्थियों और मरीजों को भी मिलेगी सुविधा

अम्बिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन की सुविधा मिलने से क्षेत्र के यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और दिल्ली आने-जाने वाले अन्य यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here