रिपोर्ट के कुछ घंटों के भीतर 4 साल की बच्ची बरामद, अपहरण के आरोपी को महाराष्ट्र से पकड़ा

0
6

रायपुर पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर 4 साल की बच्ची को महाराष्ट्र के नागपुर ग्रामीण क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्ची को कथित तौर पर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को बच्ची के परिजन ने सरस्वती नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अमृत पाल सिंह नाम का व्यक्ति उनकी 4 वर्षीय बच्ची को अपने साथ ले गया है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई और तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

CCTV फुटेज से महाराष्ट्र तक पहुंची पुलिस

पुलिस आयुक्त डॉ. सजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कामले ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पश्चिम जोन के पुलिस उपायुक्त राबिन्सन गुरिया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन में टीम गठित की गई।

सहायक पुलिस आयुक्त ईशु अग्रवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने आसपास के CCTV फुटेज और आरोपी की लोकेशन का विश्लेषण किया। जांच में आरोपी के बच्ची को लेकर महाराष्ट्र की ओर जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम को तत्काल महाराष्ट्र रवाना किया गया और वहां की साकोली एवं मौदा पुलिस को भी सूचना दी गई।

मौदा टोल प्लाजा पर बच्ची सकुशल मिली

लगातार की गई तलाश के दौरान पुलिस ने मौदा टोल प्लाजा के पास आरोपी को बच्ची के साथ पकड़ लिया। पुलिस ने बच्ची को उसके कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अमृत पाल सिंह (32) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से अमृतसर, पंजाब का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था।

पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस कार्रवाई में मौदा और साकोली पुलिस, महाराष्ट्र के साथ रायपुर पुलिस के सउनि सुशील शुक्ला, पीएसआई अजय सोनी, प्रधान आरक्षक संजय सिंह, आरक्षक सुरजित सिंह सेंगर, आरक्षक ज्ञानचंद साहू तथा क्राइम यूनिट के सउनि परिहार और राकेश पाण्डेय का योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here