दिल्ली के सीमापुरी में भरभराकर गिरी पांच मंजिला इमारत, 25-30 लोगों के दबे होने की आशंका

0
9

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा जिले के सीमापुरी इलाके में न्यू सीमापुरी स्थित ईदगाह मछली मंडी के पास एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली पुलिस, फायर सर्विस और इंसिडेंट रिस्पांस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मलबे में करीब 25 से 30 लोगों के दबे होने की आशंका है। कुछ घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। हालांकि, अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

आसपास के मकानों को भी नुकसान

इमारत के गिरने से आसपास के चार से पांच मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे फायर कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।

राहत एवं बचाव अभियान के लिए तीन वाटर टेंडर और एक इंसिडेंट रिस्पांस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं।

स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में जुटे

हादसे के बाद स्थानीय लोग और अन्य संबंधित एजेंसियां भी राहत-बचाव कार्य में सहयोग कर रही हैं। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रशासन की टीमें मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल हादसे में जनहानि को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here