जशपुर के पांच आदिवासी युवा अमेरिका की संस्था से लेंगे रॉक क्लाइंबिंग गाइड का प्रशिक्षण

0
9

PCGI के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए हुआ चयन, दिसंबर में बेंगलुरु में सीखेंगे आधुनिक तकनीक और सुरक्षा के गुर; सफल मूल्यांकन पर मिलेगा अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पांच आदिवासी युवाओं का अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि से जशपुर को साहसिक पर्यटन के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

✦
✧
✦
🪔 FESTIVE GREETINGS 🪔
Alok Pandey Festival Greetings
✨ दीपावली एवं सभी पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएँ ✨
✺

प्रशिक्षण के लिए तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह का चयन किया गया है। ये युवा दिसंबर में बेंगलुरु में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा मानकों और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण लेंगे। यह कार्यक्रम भारत के प्रमुख रॉक क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल ROMP के साथ आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण और मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद चार युवाओं को PCGI लेवल-1 और एक युवा को उन्नत लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है।

जशपुर में विकसित होगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की गाइड टीम

इस पहल से जशपुर मध्य भारत का पहला ऐसा पर्यटन स्थल बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित रॉक क्लाइंबिंग गाइडों की समर्पित टीम उपलब्ध होगी। इससे जिले में साहसिक पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाइड प्रमाणन की सुविधा उपलब्ध होने से जशपुर यह उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है कि दूरदर्शी प्रशासन और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से भारत को वैश्विक स्तर पर भरोसेमंद साहसिक पर्यटन केंद्र बनाया जा सकता है।

अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार होंगे गाइड

रॉक क्लाइंबिंग जैसी साहसिक गतिविधियों में तकनीकी दक्षता, सुरक्षा उपकरणों की जानकारी और जोखिम प्रबंधन का विशेष महत्व होता है। PCGI के प्रशिक्षण कार्यक्रम से युवाओं को आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा प्रक्रियाओं और पेशेवर गाइडिंग की कार्यप्रणाली सीखने का अवसर मिलेगा।

इससे जशपुर में साहसिक पर्यटन गतिविधियों को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं की तकनीकी क्षमता और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

2024 में शुरू हुई थी प्रशिक्षण की पहल

जशपुर में साहसिक पर्यटन के विकास और स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित करने की पहल वर्ष 2024 की शुरुआत में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य जिले की प्राकृतिक और भौगोलिक विशेषताओं का उपयोग करते हुए आदिवासी युवाओं की प्रतिभा को पहचानना, उन्हें साहसिक खेलों का प्रशिक्षण देना और पर्यटन आधारित आजीविका के अवसर तैयार करना था।

इस पहल को आगे बढ़ाने में छत्तीसगढ़ की माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था ‘पहाड़ी बकरा एडवेंचर’ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था ने युवाओं को शुरुआती स्तर से रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण दिया। जिला प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र में साहसिक पर्यटन के दीर्घकालिक विकास की कार्ययोजना तैयार करने में भी योगदान दिया।

लगातार प्रशिक्षण और अभ्यास के बाद इन युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर के साहसिक अभियानों में हिस्सा लेकर अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।

5,340 मीटर ऊंची चोटी पर बनाया ‘विष्णु देव रूट’

जशपुर के युवाओं ने वर्ष 2025 में आयोजित ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान अपनी पर्वतारोहण क्षमता का प्रदर्शन किया था। इस अभियान में टीम ने हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर एक नया चढ़ाई मार्ग तैयार किया और सफलतापूर्वक आरोहण किया।

टीम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सम्मान में इस मार्ग का नाम ‘विष्णु देव रूट’ रखा। अभियान के दौरान युवाओं ने अल्पाइन शैली में पर्वतारोहण करते हुए साहस, अनुशासन, टीम भावना और तकनीकी कौशल का परिचय दिया। इस अभियान को 15 से अधिक प्रायोजकों का सहयोग मिला था।

वर्ष 2026 में जशपुर के युवा पर्वतारोही तेजल भगत को CLAW की ओर से प्रायोजन भी प्राप्त हुआ। CLAW भारत के प्रमुख क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल है और अमेरिका की ग्लोबल क्लाइंबिंग इनिशिएटिव से जुड़ा है।

स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर

जशपुर की पहाड़ियां, चट्टानी क्षेत्र, प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध जनजातीय संस्कृति साहसिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं रखते हैं। जिला प्रशासन इन संभावनाओं को स्थानीय युवाओं की आजीविका से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।

रॉक क्लाइंबिंग में पेशेवर प्रशिक्षण देकर युवाओं को अपने क्षेत्र में ही गाइड, प्रशिक्षक और पर्यटन उद्यमी बनने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन के बाद ये युवा पेशेवर गाइड के रूप में सेवाएं दे सकेंगे और जशपुर आने वाले पर्यटकों को प्रशिक्षित स्थानीय गाइडों की सुविधा मिल सकेगी।

जिला प्रशासन के सहयोग से विकसित आउटडोर एडवेंचर सेक्टर का संचालन स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित आदिवासी युवाओं के स्वामित्व वाले निजी उद्यम के माध्यम से किया जा रहा है। इससे युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के साथ पर्यटन गतिविधियों के संचालन एवं प्रबंधन से भी जोड़ा जा रहा है।

पर्यावरण और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण पर भी जोर

साहसिक पर्यटन के विस्तार के साथ जिले के प्राकृतिक पर्यावरण, जैव विविधता और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। होमस्टे सुविधाओं, अंतरराष्ट्रीय साहसिक पर्यटन आयोजनों और हर साल अक्टूबर में आयोजित होने वाले युवा महोत्सव के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

रॉक क्लाइंबिंग के अलावा मोटरबाइक अभियान, कृषि पर्यटन और स्थानीय जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं जीवनशैली से जुड़े अनुभवों को भी पर्यटन गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है।

जशपुर के पांच आदिवासी युवाओं का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर और उचित मार्गदर्शन मिलने का उदाहरण है। इस पहल से जनजातीय युवाओं के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और जिले की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here