
बेंगलुरु। कर्नाटक में नई कांग्रेस सरकार के गठन और मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की तैयारियों के बीच एक कथित ऑडियो क्लिप ने पार्टी के भीतर सियासी हलचल तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस कथित ऑडियो में राज्य के वरिष्ठ नेता और मंत्री बी. ज़मीर अहमद खान पर दावणगेरे दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ रणनीति बनाने का आरोप लगाया जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि उपचुनाव के लिए किसी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिए जाने से ज़मीर अहमद खान नाराज थे। दावा किया जा रहा है कि इसी नाराजगी के चलते उन्होंने कथित तौर पर कांग्रेस की आधिकारिक लाइन से अलग रुख अपनाते हुए सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) के उम्मीदवार अफ़सर कोडलीपटे का समर्थन किया।
ज़मीर अहमद खान को पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का करीबी और भरोसेमंद नेता माना जाता रहा है। ऐसे में कथित ऑडियो सामने आने के बाद कांग्रेस के भीतर असंतोष और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि अब तक न तो कांग्रेस पार्टी और न ही ज़मीर अहमद खान की ओर से इस कथित ऑडियो को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
दावणगेरे दक्षिण सीट पर उपचुनाव वरिष्ठ कांग्रेस नेता शमनूर शिवशंकरप्पा के निधन के बाद कराया गया था। इस चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मल्लिकार्जुन ने 69,478 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। भाजपा उम्मीदवार श्रीनिवास टी. दासकरियप्पा 63,799 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि SDPI उम्मीदवार अफ़सर कोडलीपटे को 18,971 वोट मिले थे।
इस बीच कांग्रेस सरकार के नए मंत्रिमंडल गठन को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। मुख्यमंत्री पद की शपथ 3 जून को प्रस्तावित है और आगामी दिनों में मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। ऐसे समय में सामने आया यह कथित ऑडियो कांग्रेस नेतृत्व के लिए नई चुनौती बनता नजर आ रहा है।
नोट: सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो क्लिप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को लेकर आधिकारिक जांच या पुष्टि का इंतजार है।
कर्नाटक में राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव की प्रक्रिया शुरू, 18 जून को होगा मतदान
अहमदाबाद में गूंजा ‘ई साला कप नामदे’: RCB ने गुजरात को 5 विकेट से हराया
जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि बने भारत के नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में मिला दुर्लभ हिमालयी कछुआ, वन्यजीव विशेषज्ञों में उत्साह
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.77 करोड़ की ठगी, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव समेत कई लोग बने शिकार



















