
आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग ने धमतरी जिले में दूसरे एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इस नए संस्थान के शुरू होने से जिले के आदिवासी विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का लाभ मिलेगा।
नए विद्यालय में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही विद्यार्थियों को नीट (NEET), जेईई (JEE) और क्लैट (CLAT) जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग और करियर काउंसलिंग भी दी जाएगी।
अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा, जिससे उनके उच्च शिक्षा और करियर के नए रास्ते खुलेंगे।
इस विद्यालय के शुरू होने से धमतरी जिले के दुर्गम और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले प्रतिभाशाली आदिवासी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क आवासीय शिक्षा सुलभ हो सकेगी।
गौरतलब है कि जिले के नगरी विकासखंड के पथररीडीह में पहले से एक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित है। नया विद्यालय जिले में शिक्षा के विस्तार और आदिवासी विद्यार्थियों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



















