
रायपुर थाना डीडी नगर पुलिस ने पशुपतिनाथ मंदिर से दानपेटी चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला विधि से संघर्षरत बालक है।
पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 को प्रार्थिया गायत्री सिन्हा ने थाना डीडी नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि सामुदायिक भवन के पास स्थित पशुपतिनाथ मंदिर से दानपेटी चोरी हो गई है। दानपेटी में करीब 10 हजार रुपये नकद रखे हुए थे, जिन्हें अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना डीडी नगर और साइबर टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में बालक ने मंदिर से दानपेटी चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के पास से 2200 रुपये नकद बरामद किए हैं। शेष रकम आरोपी द्वारा खर्च किए जाने की जानकारी मिली है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए मामले की आगे जांच कर रही है।



















