
पीएम मोदी की अपील से प्रेरित पहल: साइकिल से ऑफिस पहुंचे कबीरधाम एसपी, कर्मचारियों को दिया ऊर्जा बचत का संदेश
कवर्धा ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस ने एक प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा बचत संबंधी अपील से प्रेरित होकर साइकिल से अपने कार्यालय पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अनावश्यक वाहन उपयोग कम करने तथा अधिक से अधिक साइकिल और पैदल चलने की अपील की। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज केवल विकल्प नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बन चुका है। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आग्रह किया कि जिनका निवास कार्यस्थल के नजदीक है, वे संभव हो तो पैदल या साइकिल से कार्यालय आएं। साथ ही सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल या पैदल कार्यालय पहुंचने की आदत अपनाने की अपील भी की।
इस पहल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव सहित कई अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए और साइकिल से कार्यालय पहुंचकर ऊर्जा बचत एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कबीरधाम पुलिस की इस पहल को प्रशासनिक स्तर पर एक सकारात्मक उदाहरण माना जा रहा है, जो आम लोगों को भी पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित कर सकती है।


















