बस्तर में 3,800 से ज्यादा दिव्यांगजनों के पुनर्वास के लिए तीन दिवसीय सहायता शिविर शुरू

0
7
Nby

जगदलपुर | बस्तर संभाग के चार जिलों के 3,800 से अधिक दिव्यांगजनों को पुनर्वास और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए तीन दिवसीय शिविर सोमवार से जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में शुरू हो गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिविर का वर्चुअल शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने इस पहल को दिव्यांगजनों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

आईईडी पीड़ितों को मिलेंगे कृत्रिम हाथ-पैर

शिविर में नक्सल हिंसा, आईईडी विस्फोट, सड़क हादसों और अन्य कारणों से अंग गंवा चुके लोगों को निःशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विशेषज्ञ मौके पर ही जरूरत के अनुसार कृत्रिम हाथ, पैर और कैलिपर्स तैयार कर रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आईईडी विस्फोट में घायल ग्रामीण संतोष पोयाम और ड्यूटी के दौरान घायल हुए पुलिस जवान राकेश कुमार यादव व घासीराम मांझी की जिजीविषा का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कृत्रिम अंगों की मदद से ये लोग अब बिना किसी सहारे चलने के लिए तैयार हैं।

व्हीलचेयर से लेकर श्रवण यंत्र तक की सुविधा

शिविर में जरूरतमंदों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, बैसाखी, श्रवण यंत्र और अन्य सहायक उपकरण भी दिए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर मेडिकल प्रमाण पत्र भी जारी कर रही है।

इसके साथ ही पात्र लोगों को दिव्यांग पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

शिविर का पहला चरण 7 अक्टूबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और बेहतर जीवन जीने में मदद करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here