
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर में आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-2026’ में भाग लिया। यह कार्यक्रम सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुजरात के सोमनाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा।
“सोमनाथ भारत के स्वाभिमान का प्रतीक”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की सनातन आस्था, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि सदियों के आक्रमणों के बावजूद सोमनाथ मंदिर की आस्था कभी नहीं टूटी और हर बार देश की आध्यात्मिक शक्ति ने स्वयं को पुनर्स्थापित किया।
“विकास भी, विरासत भी” पर जोर
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी, विरासत भी” विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आधुनिक विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा ने हजारों वर्षों के संघर्ष और आक्रमणों के बावजूद अपनी पहचान और आस्था को जीवित रखा है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन सनातन संस्कृति की एकता, चेतना और आत्मसम्मान का प्रतीक है।

















