
नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम को वनडे विश्व कप 2025 का चैंपियन बनाने वाली कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी। हालांकि, हरमनप्रीत बतौर खिलाड़ी टीम के लिए उपलब्ध रहेंगी।
हरमनप्रीत ने यह फैसला उपकप्तान स्मृति मंधाना, हेड कोच अमोल मजूमदार और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के साथ हुई बैठक के बाद लिया। उनके स्थान पर स्मृति मंधाना को तीनों फॉर्मेट में भारतीय महिला टीम की नई कप्तान बनाए जाने की संभावना है।
हरमनप्रीत ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि सभी फॉर्मेट में कप्तानी छोड़ना उनके लिए आसान फैसला नहीं था। उन्होंने कहा कि इस सफर में उन्हें वर्षों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे कई पल मिले, जो जीवनभर उनके साथ रहेंगे।
उन्होंने कहा कि उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट और टीम को अपना पूरा समय, मेहनत और समर्पण दिया। कई मौकों पर उन्हें अपने निजी प्रदर्शन, विकास और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को पीछे रखना पड़ा, क्योंकि उनके लिए टीम हमेशा प्राथमिकता रही।
हरमनप्रीत ने अपने कप्तानी के दौर को याद करते हुए कहा कि उन्हें कई बार ऐसे कठिन फैसले लेने पड़े, जो हमेशा आसान नहीं थे और जिनकी व्यक्तिगत कीमत भी चुकानी पड़ी। हालांकि, उनका उद्देश्य हमेशा टीम को बेहतर बनाना और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, खुद पर विश्वास करने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का अवसर देना रहा।



















