मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर ने दी विस्तृत जानकारी

0
40

बेमेतरा । भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा 27 अक्टूबर 2025 को घोषित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (स्पेशल इंटेंसिव रेविशन – एसआईआर) के दूसरे चरण के संबंध में आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा ने जिला कार्यालय बेमेतरा में पत्रकार वार्ता आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी।

कलेक्टर शर्मा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और अद्यतनता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। इस अभियान के माध्यम से पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, त्रुटियाँ सुधारने और मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने का कार्य किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा : 

मुद्रण एवं प्रशिक्षण कार्य: 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025 तक, घर-घर गणना एवं फील्ड वेरिफिकेशन: 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन: 9 दिसंबर 2025, दावे एवं आपत्तियों की अवधि: 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक, सत्यापन एवं सुनवाई चरण: 9 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन :

7 फरवरी 2026 को किया जाएगा। शर्मा ने बताया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 के अनुसार, 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक भारतीय नागरिक, जो संबंधित क्षेत्र का सामान्य निवासी है, उसे मतदाता के रूप में पंजीकृत होने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से नागरिकों को लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर मिलता है।

कलेक्टर ने यह भी उल्लेख किया कि इतने व्यापक स्तर पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम लगभग दो दशक बाद आयोजित किया जा रहा है – पिछला ऐसा अभियान वर्ष 2002 से 2004 के बीच हुआ था, जबकि छत्तीसगढ़ में यह कार्य 2003 में पूर्ण किया गया था।

उन्होंने राजनीतिक दलों और मीडिया से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर पर जागरूकता बढ़ाएं ताकि पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा, “हर मत की कीमत होती है। यह हमारा सामूहिक दायित्व है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर दीप्ति वर्मा, निर्वाचन शाखा के अधिकारीगण तथा पत्रकार साथी उपस्थित थे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी, सुव्यवस्थित और समयबद्ध रूप से संपन्न हो, ताकि आगामी चुनाव के लिए मतदाता सूची त्रुटिरहित एवं अद्यतन रहे।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here