शाजापुर। जिला जेल से शनिवार को एक विचाराधीन कैदी दीवार फांदकर फरार हो गया, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि उसके साथ भागने की कोशिश कर रहे एक अन्य कैदी को समय रहते पकड़ लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है।
फरार कैदी की पहचान जीवन उर्फ जयराम, निवासी मक्सी, के रूप में हुई है। वह मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में जेल में बंद था। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए। लालघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी गई है।
इधर, विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर रविवार को कलेक्टर कार्यालय के विवेकानंद सभागार में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के साथ-साथ उपभोक्ताओं के अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई।
इस दौरान पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, नापतौल में पारदर्शिता और मिलावट से बचने के उपायों के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपभोक्ता जागरूकता से संबंधित एक प्रदर्शनी भी लगाई गई।




















