
रायपुर टिकरापारा थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आदतन आरोपी जीसान अली उर्फ मोनू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि बृज नगर स्थित गोलू किराना स्टोर के पास एक युवक धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 414/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
कई थानों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी जीसान अली उर्फ मोनू के खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों —
- डी.डी. नगर
- गोलबाजार
- मौदहापारा
- सरस्वती नगर
- मुजगहन
- टिकरापारा
में चोरी, नकबजनी और मारपीट सहित कुल 7 मामले दर्ज हैं।
निगरानी बदमाश सूची में शामिल करने की तैयारी
पुलिस अब आरोपी की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उसे निगरानी बदमाश सूची में शामिल करने की प्रक्रिया भी शुरू कर रही है।
आरोपी की पहचान
जीसान अली उर्फ मोनू (30 वर्ष)
निवासी – कबाड़ी चौक थाना के पास, मौदहापारा, रायपुर।



















