
महासमुंद छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से करोड़ों रुपये का सोना बरामद किया है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान वोक्सवैगन कार से करीब 7.512 किलो सोना जब्त किया, जिसकी कीमत लगभग 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एनएच-353 स्थित रेहटीखोल जांच नाके पर 17 मई को नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उड़ीसा की ओर से आ रही वोक्सवैगन कार क्रमांक जीजे 03 एनपी 4230 को रोककर तलाशी ली गई।
कार में सवार युवकों ने अपने नाम जयेश अकबरी, सुनीत और रूशी अग्रावत बताए, जो गुजरात के निवासी हैं। पुलिस को तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट में बनाए गए एक विशेष चैंबर में दो पीठू बैग मिले। इन बैगों में रखे छह प्लास्टिक बॉक्सों के भीतर भारी मात्रा में सोने के आभूषण छिपाकर रखे गए थे।
जांच में बरामद आभूषणों का कुल वजन 7512.488 ग्राम पाया गया। पुलिस ने जब आरोपियों से सोने के वैध दस्तावेज मांगे, तो वे कोई संतोषजनक जानकारी या कागजात पेश नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने पूरा सोना जब्त करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत कार्रवाई की। मामले की सूचना आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय को भी दे दी गई है।
प्रमुख बातें
- वोक्सवैगन कार से 7.512 किलो सोना जब्त
- जब्त सोने की कीमत करीब 9.17 करोड़ रुपये
- कार की पिछली सीट में बने गुप्त चैंबर में छिपाया गया था सोना
- गुजरात के तीन युवक गिरफ्तार
- आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय को भेजी गई जानकारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना कहां से लाया गया था और इसे किस उद्देश्य से गुजरात ले जाया जा रहा था।



















