
भिलाई सुपेला थाना क्षेत्र के चंद्रा-मौर्या चौक पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल तोड़ते हुए दो दुपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि हादसे में 15 वर्षीय नूर खान और करीब 35 वर्षीय मनोहर गोनाडे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सलीम खान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज एक निजी अस्पताल के आईसीयू में जारी है।
जानकारी के अनुसार, नूर खान अपने मौसा सलीम के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। उसी दौरान मनोहर गोनाडे भी चौक से गुजर रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने रेड सिग्नल जंप करते हुए दोनों दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नूर खान और मनोहर गोनाडे को मृत घोषित कर दिया। घायल सलीम खान का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक सागर जायसवाल, निवासी हाउसिंग बोर्ड, भी वाहन में फंस गया था। लोगों ने कार का कांच तोड़कर उसे बाहर निकाला। उसे भी चोटें आई हैं और इलाज के बाद पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
- भिलाई के चंद्रा-मौर्या चौक पर हुआ हादसा
- रेड सिग्नल तोड़कर कार ने दो बाइक को मारी टक्कर
- 15 वर्षीय किशोर समेत दो लोगों की मौत
- एक युवक आईसीयू में भर्ती
- कार चालक हिरासत में, पुलिस जांच जारी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और ट्रैफिक सिग्नल तोड़ना हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।



















