
रायपुर भारतीय सेना द्वारा अग्निवीर भर्ती योजना के तहत अग्निवीर लिपिक और स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के लिए आयोजित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस परीक्षा में छत्तीसगढ़ के 20 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।
भारतीय सेना ने परीक्षा परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया है। इसके अलावा सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के नोटिस बोर्ड पर भी परिणाम प्रदर्शित किया गया है।
सफल अभ्यर्थियों को कल बुलाया गया
उत्तीर्ण उम्मीदवारों को 21 मई को सुबह 9 बजे नवा रायपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ लाने होंगे। यहां उन्हें प्रारंभिक दिशा-निर्देश और आगे की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
जनवरी में धमतरी में हुई थी परीक्षा
गौरतलब है कि अग्निवीर लिपिक और स्टोर कीपर टेक्निकल पदों के लिए यह परीक्षा सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा इसी वर्ष जनवरी महीने में धमतरी में आयोजित की गई थी।
युवाओं में उत्साह
परिणाम घोषित होने के बाद सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।



















