
गुढ़ियारी इलाके में नशे की बिक्री की तैयारी कर रहे आरोपी पर पुलिस की कार्रवाई
रायपुर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की नॉर्थ जोन पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एमडीएम ड्रग्स के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कलिंग नगर स्थित सीएसईबी मैदान के पास कार में बैठे हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.69 ग्राम एमडीएम ड्रग्स बरामद की है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की जा रही एक चारपहिया वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जप्त सामग्री की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक कार में बैठकर ड्रग्स बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गुढ़ियारी थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शशांक तांडेकर निवासी गुढ़ियारी रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एमडीएम ड्रग्स बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में नारकोटिक एक्ट की धारा 22(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी विस्तृत कार्रवाई की जाएगी।



















