
रायपुर। ऑनलाइन वैवाहिक वेबसाइट Jeevansathi.com के माध्यम से महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपितों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र की एक महिला को जन्मदिन पार्टी के बहाने नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, खम्हारडीह निवासी पीड़िता की पहचान लगभग चार माह पहले Jeevansathi.com पर अभिनव सिंह नामक व्यक्ति से हुई थी। दोनों के बीच नियमित बातचीत होती रही। 15 मई 2026 को अभिनव सिंह जन्मदिन मनाने के बहाने महिला के घर पहुंचा और साथ में भोजन किया। आरोप है कि उसने भोजन में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को बेहोश कर दिया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया।
अगले दिन होश आने पर महिला ने पाया कि उसके गले की सोने की चेन, अंगूठियां और लॉकर में रखे अन्य कीमती आभूषण गायब हैं। इसके बाद उसने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खम्हारडीह की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और डिजिटल विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने पहले आरोपी हितिन नरूला को उत्तराखंड के हरिद्वार से और बाद में मुख्य आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी मित्र हैं और वारदात के दिन साथ में रायपुर आए थे। अभिनव सिंह पीड़िता के घर गया जबकि उसका साथी रेलवे स्टेशन पर रुका रहा। चोरी के बाद दोनों आरोपी शहर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57 हजार रुपये नकद, लगभग दो तोला सोने के जेवरात, एक चांदी का ब्रेसलेट और पांच मोबाइल फोन सहित कुल करीब 4.21 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी अभिनव सिंह फर्जी आधार और पैन कार्ड का उपयोग करता था। पुलिस के अनुसार उसने पिछले एक माह में Jeevansathi.com के माध्यम से करीब 100 महिलाओं से संपर्क किया था। विभिन्न राज्यों में इस तरह की कई वारदातों में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभिनव सिंह पहले भी दिल्ली और उत्तराखंड में दर्ज धोखाधड़ी, चोरी तथा वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।
View this post on Instagram
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.77 करोड़ की ठगी, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव समेत कई लोग बने शिकार
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में मिला दुर्लभ हिमालयी कछुआ, वन्यजीव विशेषज्ञों में उत्साह



















