सभी शिक्षकों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य, बिना कारण अनुपस्थित रहने पर होगी कार्रवाई

0
11

जशपुरनगर। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर रोहित व्यास ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का वितरण, विद्यार्थियों की अपार आईडी, शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यालय निरीक्षण तथा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की प्रगति पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था पूरी गंभीरता और प्रभावशीलता के साथ लागू की जाए।

कलेक्टर रोहित व्यास ने सभी शिक्षकों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन शिक्षकों की उपस्थिति बिना किसी ठोस कारण के दर्ज नहीं होगी, उनके वेतन भुगतान पर रोक लगाई जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गणवेश वितरण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाए और सभी विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं, ताकि सत्र की शुरुआत से ही पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो सके।

बैठक में नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की अपार आईडी शीघ्र बनाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जर्जर भवनों में किसी भी स्थिति में कक्षाएं संचालित न की जाएं और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने सभी बीईओ को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के पीएम विद्यालयों को शिक्षा के आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश भी दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here