
रायपुर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा के एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से 4.180 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस कार्रवाई को डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर की मॉनिटरिंग में अंजाम दिया गया।
माल धक्का रोड पर बिक्री की फिराक में था आरोपी
पुलिस को 3 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि थाना पंडरी क्षेत्र के कापा स्थित माल धक्का रोड के पास एक व्यक्ति बैग में गांजा रखकर उसकी बिक्री करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भागने की कोशिश नाकाम, बैग से मिला गांजा
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मानस रंजन नाग बताया।
तलाशी के दौरान उसके बैग से गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
2.09 लाख का गांजा और नकदी जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.180 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.09 लाख रुपये है, बरामद किया। साथ ही 500 रुपये नकद भी जब्त किए गए। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 2,09,500 रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 190/26 के तहत धारा 20बी नारकोटिक एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
अन्य तस्करों के नेटवर्क की भी जांच जारी
- गिरफ्तार आरोपी मानस रंजन नाग (28) मूल रूप से सिनापाली, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) का निवासी है। पुलिस अब उससे फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा सके।
















