
रायपुर राजधानी में 50 लाख रुपये के गबन मामले का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी ड्राइवर समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में पुलिस ने 49.50 लाख रुपये नकद, एक लग्जरी एमजी विंडसर कार और वारदात में इस्तेमाल की गई वर्ना कार जब्त की है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 66.50 लाख रुपये आंकी गई है।
घटना थाना खम्हारडीह क्षेत्र की है, जहां कंपनी का ड्राइवर कृष्णा साहू 25 अप्रैल को नकदी लेकर फरार हो गया था। वह एकाउंटेंट के साथ कार में रकम लेकर जा रहा था, लेकिन रास्ते में गुटखा लेने के बहाने उसे उतारकर खुद कार लेकर भाग निकला।
पहले से रची गई थी साजिश
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने इस वारदात की योजना पहले ही अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ बना ली थी। फरार होने के बाद उसने रकम को आपस में बांट दिया।
कैसे खुला मामला
- सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से मिली अहम सुराग
- एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई
- मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अन्य 6 आरोपी भी पकड़े गए
कार्रवाई का परिणाम
- 1 महिला सहित कुल 7 आरोपी गिरफ्तार
- 49.50 लाख रुपये नकद बरामद
- लग्जरी कार और अन्य वाहन जब्त
- आरोपियों ने पूछताछ में जुर्म कबूला
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं। इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मानते हुए अधिकारियों ने साफ किया है कि शहर में आर्थिक अपराधों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


















