खरीफ सीजन की तैयारी तेज, किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश

0
100

कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा की, 20 जून तक अधिकतम खाद उठाव पर जोर



जगदलपुर कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

खाद और बीज वितरण पर विशेष फोकस

कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को यूरिया, डीएपी और एनपीके खाद निर्धारित मात्रा में उपलब्ध कराया जाए। साथ ही कृषि विभाग के मैदानी अमले के माध्यम से किसानों को जागरूक कर 20 जून तक अधिक से अधिक खाद उठाव सुनिश्चित करने को कहा।

पीएम किसान और एग्रीस्टैक पंजीयन में तेजी के निर्देश

बैठक में एग्रीस्टैक के लंबित पंजीयन कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आगामी राजस्व अधिकारियों की बैठक से पहले लंबित पंजीयन कार्य पूरे किए जाएं। इसके अलावा पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

‘खेत बचाओ अभियान’ का होगा व्यापक प्रचार

कलेक्टर ने 30 जून तक चल रहे ‘खेत बचाओ अभियान’ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक किसान इससे जुड़ सकें और कृषि संबंधी लाभ प्राप्त कर सकें।

सीएम हेल्पलाइन और शिक्षा संबंधी शिकायतों की समीक्षा

बैठक में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही निजी स्कूलों में फीस वृद्धि और अभिभावकों पर किताबें व यूनिफॉर्म एक ही दुकान से खरीदने का दबाव बनाने संबंधी शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

वृक्षारोपण और सौर ऊर्जा योजनाओं पर जोर

कलेक्टर ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण की कार्ययोजना तैयार करने, आश्रम-छात्रावासों और एकलव्य विद्यालयों में पोषण वाटिका विकसित करने तथा पीएम सूर्य घर योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

पल्स पोलियो और मलेरिया मुक्त अभियान की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान और 15 जून से 15 जुलाई तक चलने वाले ‘मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान’ की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मानसून को देखते हुए आपदा प्रबंधन, कंट्रोल रूम स्थापना और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here