
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भरोसे को तोड़ने वाला एक मामला सामने आया है, जहां बॉयफ्रेंड की पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए एक युवती ने चोरी का रास्ता चुन लिया। जिस परिवार ने उसे दो साल तक अपने घर में रखा और जिम्मेदारी सौंपी, उसी घर से उसने 24 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
दो साल तक केयरटेकर बनकर रही, घर की हर जानकारी थी
पुलिस के अनुसार, सूर्या विहार कॉलोनी जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में अपनी वृद्ध मां की देखभाल के लिए लाइफ होम केयर सर्विस के माध्यम से ममता चौहान को केयरटेकर रखा गया था। मां के निधन के बाद भी ममता घर में रहकर घरेलू काम करती रही। करीब दो वर्षों तक परिवार के साथ रहने के कारण उसे घर की व्यवस्था, अलमारी और उसमें रखे पैसों की पूरी जानकारी थी।
भतीजी की शादी की भीड़-भाड़ में दिया वारदात को अंजाम
परिवार 26 और 27 जून 2026 को भतीजी की शादी के कार्यक्रमों में व्यस्त था। इसी दौरान ममता ने मौका देखकर अलमारी में रखे 24 हजार रुपये निकाल लिए। चोरी करने के बाद वह बिना किसी को बताए घर छोड़कर चली गई। जब परिवार को पैसों की जरूरत पड़ी और अलमारी जांची गई, तब नकदी गायब मिली।
बॉयफ्रेंड ने दिया चोरी का आइडिया, रायपुर से दोनों गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला के मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की। लोकेशन के आधार पर पुलिस रायपुर पहुंची, जहां ममता अपने बॉयफ्रेंड शीतल वर्मा के साथ मिली। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में ममता ने बताया कि उसके प्रेमी शीतल वर्मा को पैसों की जरूरत थी। उसी के कहने पर उसने चोरी की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, चोरी के लिए प्रेमी ने ही उसे उकसाया था।
नकदी और मोबाइल बरामद, दोनों न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 23 हजार 500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत 43 हजार 500 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
















