
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवा तीरंदाजों के लिए आज बड़ा मौका है। छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन की 26वीं जूनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित की जा रही है। इसमें प्रदेश के 20 जिलों से करीब 300 तीरंदाज, कोच, मैनेजर और तकनीकी अधिकारी शामिल होंगे।
प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के खिलाड़ी अपनी तीरंदाजी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनके प्रदर्शन के आधार पर बेहतरीन खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
चयनित तीरंदाज 21 से 28 अक्टूबर 2026 तक जयपुर, राजस्थान में होने वाली जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के महासचिव आयुष मुरारका ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के युवा तीरंदाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ सकें।
प्रतियोगिता का समापन और पुरस्कार वितरण समारोह शाम 5 बजे होगा। इस दौरान विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। समारोह में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महंत राजीठ लोचन दास महाराज और समाजसेवी बसंत अग्रवाल मौजूद रहेंगे।
आयोजकों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और खेलप्रेमियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। यह आयोजन प्रदेश के युवा तीरंदाजों को आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का महत्वपूर्ण अवसर देगा।



















