सदर बाजार में जल्द शुरू हो सकता है ‘हमर अस्पताल’ निर्माण कार्य

0
7

रायपुर के सदर बाजार वार्ड में लंबे समय से रुका ‘हमर अस्पताल’ का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और अतुल रघुवंशी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि स्थानीय लोगों को बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर योजना के तहत इस अस्पताल की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन परियोजना अधूरी रह गई।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, अस्पताल निर्माण के लिए 14 अप्रैल 2022 को 25 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 26 सितंबर 2023 को टेंडर जारी हुआ और 4 मार्च 2024 को भूमिपूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू किया गया।

हालांकि, बाद में 15वें वित्त आयोग से मिलने वाली राशि रुक जाने के कारण फंड उपलब्ध नहीं हो सका, जिससे 25 जुलाई 2024 से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद हो गया। अधूरा भवन अब धीरे-धीरे जर्जर होता जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि परियोजना के लिए तत्काल नया फंड स्वीकृत किया जाए और नई टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here