कवर्धा । जिले के ग्राम बैजलपुर (कोको) में नंदी महाराज की मूर्ति खंडित होने की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे भ्रामक समाचार और फर्जी वीडियो पर कबीरधाम पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल की जा रही जानकारी पूरी तरह तथ्यहीन है।
थाना पिपरिया अंतर्गत ग्राम बैजलपुर (कोको) में नंदी महाराज की मूर्ति खंडित किए जाने को लेकर कुछ न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक समाचार एवं फर्जी वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। इस संबंध में कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल सामग्री पूरी तरह गलत और भ्रामक है।
क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार, वास्तविकता यह है कि गांव में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान दुर्घटनावश गेंद लगने से नंदी महाराज की मूर्ति खंडित हो गई। ग्राम पंचायत द्वारा पंचनामा तैयार कर संबंधित व्यक्तियों के कथनों के आधार पर तथ्य की पुष्टि की गई है। घटना किसी भी प्रकार की दुर्भावनापूर्ण या जानबूझकर की गई कार्रवाई नहीं है।
पुलिस का कहना है कि घटना को गलत तरीके से प्रस्तुत कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस प्रकार की भ्रामक सामग्री आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न करती है।
कबीरधाम पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना सत्यापन के गलत जानकारी या फर्जी वीडियो प्रसारित करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट समाचार या वीडियो पर विश्वास न करें और बिना सत्यापन के उसे साझा न करें। यदि इस प्रकार की भ्रामक सामग्री सामने आती है तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
























