
रायपुर पुलिस ने देशभर के 5-स्टार होटलों में ठगी और चोरी करने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी बिंगसन जॉन पर 300 से अधिक होटलों में ठगी की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी तमिलनाडु का निवासी है और उसके खिलाफ 10 से अधिक राज्यों में मामले दर्ज हैं।
आरोपी ने रायपुर के Hyatt Raipur में भी ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक, उसने होटल में ठहरकर सुविधाओं का उपयोग किया और 63,755 रुपये का बिल चुकाए बिना फरार हो गया। साथ ही होटल से किराए पर लिया गया करीब 1.48 लाख रुपये मूल्य का लैपटॉप भी अपने साथ ले गया।
जांच के दौरान आरोपी द्वारा होटल में दिए गए दस्तावेजों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर उसे भुवनेश्वर, ओडिशा में ट्रेस किया गया। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से एक लैपटॉप बरामद किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वर्ष 1990 से देशभर के महंगे होटलों को निशाना बना रहा था। वह खुद को कभी फॉरेन ट्रैवल गाइड, कभी इंग्लिश टीचर और कभी योगा टीचर बताकर होटल में ठहरता और बाद में बिना भुगतान किए फरार हो जाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी तिहाड़ जेल समेत देश के विभिन्न जेलों में करीब 15 वर्ष तक रह चुका है। पूछताछ में उसने यह भी स्वीकार किया कि वह कुख्यात ठग Charles Sobhraj से प्रभावित था और उसी तरह ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

















