कवर्धा में हॉस्पिटल की पार्किंग में दिखा तेंदुआ, वन विभाग ने संभाला मोर्चा

0
15

कवर्धा । जिला मुख्यालय में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्नेहा हॉस्पिटल के पास तेंदुआ दिखाई देने की खबर सामने आई। आबादी वाले इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू कर दी।

CCTV में पार्किंग की ओर जाता दिखा तेंदुआ

बताया जा रहा है कि CCTV फुटेज में तेंदुआ सीढ़ियों से उतरकर हॉस्पिटल के पार्किंग एरिया में जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद वह वहां से निकल गया। घटना के बाद हॉस्पिटल और आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

DFO समेत वन विभाग की टीम तैनात

सूचना मिलते ही DFO समेत वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। टीम तेंदुए की तलाश में जुटी हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तेंदुए के रेवाबंद तालाब या आसपास के गौशाला क्षेत्र की ओर जाने की संभावना जताई जा रही है।

तेंदुए को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी थी। वन विभाग और प्रशासन की टीम लोगों को वहां से हटाने में जुटी है। अधिकारियों ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और सावधानी बरतने की अपील की है।

महिला के घायल होने की भी जानकारी

इसी बीच एक महिला के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, महिला किस तरह घायल हुई और उसकी चोट का संबंध तेंदुए से है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

शहर में दहशत का माहौल

घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। शहर के आबादी वाले इलाके में तेंदुआ दिखाई देने से लोगों में डर का माहौल है। वन विभाग की टीम लगातार इलाके की निगरानी कर रही है और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here